ओशो साहित्य >> संभोग से समाधि की ओर संभोग से समाधि की ओरओशो
|
248 पाठक हैं |
संभोग से समाधि की ओर...
बर्थ-कंट्रोल, संतति नियमन के कृत्रिम साधन स्त्री को पहली बार पुरुष के निकट
बिठाते हैं। बुद्ध नहीं बिठा सके, महावीर नहीं बिठा सके, अब तक दुनिया में
कोई महापुरुष नहीं बिठा सके।
उन्होंने कहा, दोनों बराबर हैं। लेकिन वे बराबर हो नहीं सके। क्योंकि, उनकी
एनाटॉमी, उनकी शरीर की व्यवस्था खास कर गर्भ की व्यवस्था कठिनाई में डाल देती
थी। स्त्री कभी भी पुरुष की तरह स्वतंत्र नहीं हो सकती थी। आज पहली दफा
स्त्री भी स्वतंत्र हो सकती है। अब इसके दो मतलब होंगे-या तो स्त्री स्वतंत्र
की जाए या पुरुष की अब तक की स्वतंत्रता पर पुनर्विचार किया जाए।
अब सारी नीति को बदलना पड़ेगा। इसलिए धर्म-गुरु परेशान है। अब मनु की नीति को
बदलना पड़ेगा, इसलिए धर्म-गुरु परेशान हैं। अब मनु की नीति नहीं चलेगी,
क्योंकि सारी व्यवस्था बदल जाएगी और इसलिए उनकी घबराहट स्वाभाविक है।
लेकिन बुद्धिमान लोगों को समझ लेना चाहिए कि उनकी घबराहट, उनकी नीति को बचाने
के लिए मनुष्यता की हत्या नहीं की जा सकती। उनकी नीति जाती हो कल, तो आज चली
जाए, लेकिन मनुष्यता को बचाना ज्यादा महत्वपूर्ण है और ज्यादा जरूरी है।
मनुष्य रहेगा तो हम नयी नीति खोज लेंगे और मनुष्यता न रही तो मनु की,
याज्ञवल्ल की किताबें सड़ जाएंगी और गल जाएंगी तथा नष्ट हो जाएंगी, उनको कोई
बचा भी नहीं सकता।
मैं परिवार नियोजन में मनुष्य के लिए भविष्य में बड़ी क्रांति की संभावनाएं
देखता हूं।
इतना ही नहीं कि आप दो बच्चों पर रोक लेंगे अपने को, बल्कि अगर परिवार नियोजन
की स्वीकृति उसका पूरा दर्शन हमारे खयाल में आ जाए तो मनुष्य की पूरी नीति,
पूरा धर्म, अंततः परिवार की पूरी व्यवस्था और अंतिम रूप से परिवार का पूरा
ढांचा बदल जाएगा। कभी छोटी चीजें सब बदल देती हैं, जिनका हमें खयाल नहीं
होता।
मैं परिवार नियोजन और कृत्रिम साधनों के पक्ष में हूं, क्योंकि मैं अंततः
जीवन को चारों तरफ से क्रांति से गुजरा हुआ देखना चाहता हूं।
चीन से एक आदमी ने जर्मनी के एक विचारक को एक छोटी-सी पेटी भेजी। लकड़ी की
पेटी, बहुत खूबसूरत खुदाव था उस पेटी पर। अपने मित्र को वह पेटी भेजी और लिखा
कि मेरी एक शर्त है उसको ध्यान में रखना, इस पेटी का मुंह हमेशा पूर्व की तरफ
रखना। क्योंकि यह पेटी हजार वर्ष पुरानी हैं और जिन-जिन
लोगों के हाथ में गयी है, यह शर्त उनके साथ रही है कि इसका मुंह पूर्व की तरफ
रहे, यह इसे बनाने वाले की इच्छा है। अब तक पूरी की गयी है, इसका ध्यान रखना।
उसके मित्र ने लिख भेजा कि चाहे कुछ भी हो, वह पेटी का मुह पूर्व की तरफ
रखेगा, इसमें कठिनाई क्या है? लेकिन पेटी इतनी खूबसूरत थी कि जब उसने अपने
बैठकखाने में पेटी का मुंह पूर्व की ओर रखा तो देखा कि पूरा बैठकखाना बेमेल
हो गया। उसे पूरे बैठकखाने को बदलना पड़ा, फिर से आयोजित करना पड़ा सोफे बदलने
पड़े, टेबिलें बदलनी पड़ी, फोटो बदलने पड़े। जब उसने सब बदल दिया तो उसे हैरानी
हुई कि कमरे के जो दरवाजे खिड़कियां थी, वे बेमेल हो गई। पर उसने पक्का
आश्वासन दिया था तो उसने खिड़की दरवाजे भी बदल डाले। लेकिन वह कमरा अब पूरे
मकान में बेमेल हो गया तो उसने पूरा मकान बदल लिया। आश्वासन दिया था, तो उसे
पूरा करना था। तब उसने पाया कि उसका बगीचा बाहर का दृश्य, फूल सब बेमेल हो
गए, तब उसको उन सबको बदलना पड़ा।
फिर भी उसने अपने मित्र को लिखा कि मेरा घर मेरी बस्ती में बेमेल हुआ जा रहा
है, इसलिए मैं बड़ी मुश्किल में पड़ गया हूं, अपने घर तक को बदल सकता हूं,
लेकिन पूरे गांव को कैसे बदलूंगा और गांव को बदलूंगा तो शायद वह सारी दुनिया
में बेमेल हो जाए तो बड़ी मुश्किल हो जाएगी।
यह घटना बताती है कि एक छोटी-सी बदलाहट अंततः सब चीजों को बदल देती है।
धर्म-गुरु का डरना ठीक है, वह डरा हुआ है। वह डरा हुआ है, उसके कारण हैं। उसे
अचेतन में यह बोध हो रहा है कि अगर संतति नियमन और परिवार नियोजन की व्यवस्था
आ गई तो अब तक की परिवार की धारणा, नीति सब बदल जाएगी।
और मैं क्यों पक्ष में हूं? क्योंकि मैं चाहता हूं कि वह जितनी जल्दी बदले,
उतना अच्छा है। आदमी ने बहुत दुःख झेल लिया पुरानी व्यवस्था से, उसे नयी
व्यवस्था खोजनी चाहिए। जरूरी नहीं कि नयी व्यवस्था सुख ही लाएगी, लेकिन कम से
कम पुराना दुःख तो न होगा। दुःख भी होंगे तो नए होंगे। और जो नए दुःख खोज
सकता है, वह नए सुख भी खोज सकेगा।
असल में नए की खोज की हिम्मत जुटानी जरूरी है। पूरे मनुष्य को नया करना है।
और परिवार नियोजन और संतति नियमन केंद्रीय बन सकता है, क्योंकि सेक्स मनुष्य
के जीवन में केंद्रीय है। हम उसकी बात करें या न करें, हम उसकी
चर्चा करें या न करें, सेक्स मनुष्य के जीवन में केंद्रीय तत्व है। अगर उसमें
कोई भी बदलाहट होती है तो हमारा पूरा धर्म, पूरी नीति सब बदल जाएगी। वे बदल
जानी ही चाहिए।
मनुष्य के भोजन, निवास भविष्य की समस्याएं ही इससे बंधी नहीं हैं मनुष्य की
आत्मा, मनुष्य की नैतिकता मनुष्य के भविष्य का धर्म, मनुष्य के भविष्य का
परमात्मा भी इस बात पर निर्भर है कि हम अपने यौन के संबंध में क्या दृष्टिकोण
अख्तियार करते हैं।
प्रश्नकर्ता : भगवानश्री, परिवार नियोजन के बारे में अनेक लोग प्रश्न करते
हैं कि परिवार द्वारा अपने बच्चों की संख्या कम करना धर्म के खिलाफ है।
क्योंकि, उनका कहना है कि बच्चे तो ईश्वर की देन हैं और खिलाने वाला परमात्मा
है। हम कौन हैं? हम तो सिर्फ जरिया हैं इंस्टूमेंट हैं। हम तो सिर्फ बीच में
इंस्टूमेंट हैं, जिसके जरिए ईश्वर खिलाता है। देनेवाला वह, करनेवाला वह,
करानेवाला वह, फिर हम क्यों रोक डालें? अगर हमको ईश्वर ने दस बच्चे दिए तो
दसों को खिलाने का प्रबंध भी वही करेगा। इस संबंध में आपके क्या विचार हैं?
भगवानश्री : सबसे पहले तो ''धर्म क्या है'', इस संबंध में थोड़ी-सी बात समझ
लेनी चाहिए।
धर्म है मनुष्य की अधिकतम आनंद, मंगल और सुख देने की कला।
मनुष्य कैसे अधिकतम रूप से मंगल को उपलब्ध हो, इसका विज्ञान ही धर्म है।
तो, धर्म ऐसी किसी बात की सलाह नहीं दे सकता, जिससे मनुष्य के जीवन में सुख
की कमी हे। परमात्मा भी वह नहीं चाह सकता, जिससे कि मनुष्य का दुःख बढ़े,
परमात्मा भी चाहेगा कि मनुष्य का आनंद बढ़े। लेकिन परमात्मा मनुष्य को
परतंत्र भी नहीं करता, क्यों? क्योंकि, परतंत्रता भी दुःख है। इसलिए परमात्मा
ने मनुष्य को पूरी तरह स्वतंत्र छोड़ा है। और स्वतंत्रता मैं अनिवार्य रूप से
यह भी सम्मिलित है कि मनुष्य चाहे तो अपने लिए दुःख निर्माण कर ले, तो भी
परमात्मा रोकेगा नहीं।
|