सदाबहार >> गोदान गोदानप्रेमचंद
|
164 पाठक हैं |
गोदान भारत के ग्रामीण समाज तथा उसकी समस्याओं का मार्मिक चित्रण प्रस्तुत करती है...
‘लेकिन जब वह संन्यास को ढोंग कहते हैं, तो खुद क्यों संन्यास लिया है?’
‘उन्होंने संन्यास कब लिया है साहब, वह तो कहते हैं–आदमी को अन्त तक काम करते रहना चाहिए। विचार-स्वातन्त्र्य उनके उपदेशों का तत्व है।’
‘मेरी समझ में कुछ नहीं आ रहा है। विचार-स्वातन्त्र्य का आशय क्या है?’
‘समझ में तो मेरे भी कुछ नहीं आता, अबकी आइए, तो उनसे बातें हों। वह प्रेम को जीवन का सत्य कहते हैं। और इसकी ऐसी सुन्दर व्याख्या करते हैं कि मन मुग्ध हो जाता है।’
‘मिस मालती को उनसे मिलाया या नहीं?’
‘आप भी दिल्लगी करते हैं। मालती को भला इनसे क्या मिलता...
वाक्य पूरा न हुआ था कि वह सामने झाड़ी में सरसराहट की आवाज सुनकर चौंक पड़े और प्राण-रक्षा की प्रेरणा से राय साहब के पीछे आ गये। झाड़ी में से एक तेंदुआ निकला और मन्द गति से सामने की ओर चला।
राय साहब ने बन्दूक उठायी और निशाना बाँधना चाहते थे कि खन्ना ने कहा–यह क्या करते हैं आप? ख्वाहमख्वाह उसे छेड़ रहे हैं। कहीं लौट पड़े तो?
‘लौट क्या पड़ेगा, वहीं ढेर हो जायगा।’
‘तो मुझे उस टीले पर चढ़ जाने दीजिए। मैं शिकार का ऐसा शौकीन नहीं हूँ।’
‘तब क्या शिकार खेलने चले थे?’
‘शामत और क्या।’
राय साहब ने बन्दूक नीचे कर ली।’
‘बड़ा अच्छा शिकार निकल गया। ऐसे अवसर कम मिलते हैं।’
|