लोगों की राय

शब्द का अर्थ खोजें

शब्द का अर्थ

लहर  : स्त्री० [सं० लहरी] १. तरल पदार्थों में हवा लगने पर उनके तल के कुछ अंश में उत्पन्न होनेवाली वह गति जो कुछ घुमावदार या टेढ़ी रेखाओं के रूप में किसी ओर चलती, फैलती या बढ़ती है। तरंग। मौज। हिलोर। जैसे—तालाब, नदी या समुद्र में उठनेवाली लहरें। क्रि० प्र०—आना।—उठना।—मारना।—लेना। मुहावरा—लहर लेना=समुद्र के किनारे लहर में स्नान करना। २. किसी पदार्थ के ऊपरी तल में होनेवाली उक्त प्रकार की गति या कंप। जैसे—धान के पौधों में लहरें उठ रही थी। ३. मन में उत्पन्न होनेवाली कोई आवेगपूर्ण प्रवृत्ति। उमंग। जैसे—जनता में आनन्द की लहर उठ रही थीं। ४. सहसा मन में उत्पन्न होनेवाली इच्छा या प्रवृत्ति। मन की मौज। जैसे—मन में जब जो लहर उठी, तब वह काम कर डाला। ५. यथेष्ट मात्रा में मन को प्राप्त होनेवाला आनन्द, प्रसन्नता या हर्ष। जैसे—दो तीन दिन वहाँ अच्छी लहर ली। पद—लहर-बहर। क्रि० प्र०—आना।—लेना। ६. किसी पदार्थ में उत्पन्न होनेवाला वह सूक्ष्म कंप जो किसी दिशा में कुछ दूर तक बढ़ता चला जाता हो। जैसे—ध्वनि या प्रकाश की लहर। ७. कोई ऐसी गति जिसमें क्रमशः रह-रहकर कुछ उतार-चढ़ाव या घुमाव-फिराव होता रहता हो। जैसे—(क) साँप लहर मारता हुआ चलता है। (ख) हवा में सुगंध की लहरें आ रही थीं। क्रि० प्र०—देना।—मारना। ८. उक्त प्रकार या रूप की रेखा या रेखाएँ। जैसे—धूप-छांह के कपड़े में कई रंगों की लहरे उठती हैं। ९. शरीर में होनेवाली कोई ऐसी पीड़ा जो कभी कुछ हलकी हो जाती और कभी तेज हो जाती हो। जैसे—साँप के काटने पर शरीर में लहर आती है जिससे वह विष के प्रकोप से विकल होकर उठ-उठकर भागने लगता है। विशेष—दे० ‘तरंग’ और ‘मौज’ भी।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
लहरदार  : वि० [हिं० लहर+फा० दार (प्रत्यय)] १. जिसकी आकृति लहर या लहरों जैसी हो। २. जिस पर उक्त आकृति या आकृतियाँ बनी हुई हों।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
लहरना  : अ०=लहराना। (यह शब्द केवल स्थानिक रूप में प्रयुक्त हुआ है)
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
लहर-पटोर  : पुं० [हिं० लहर+पट] १. एक तरह का धारीदार रेशमी कपड़ा। २. स्त्रियों के पहनने का लहँगा और चोली।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
लहर-बहर  : स्त्री० [हिं० लहर+अनु० बहर] १. आनन्द। मौज। २. वैभव और परम सुख की स्थिति।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
लहरा  : पुं० [हिं० लहर] १. लहर। तरंग। २. आनन्द। मौज। क्रि० प्र०—लेना। ३. गाना-नाचना आरम्भ होने से पहले बजाई जानेवाली बाजों की वह गत वातावरण को संगीतमय करने या समाँ बाँधने के लिए बजाई जाती है। पुं० [?] एक प्रकार की घास। पुं० =लहँगा। (यह शब्द केवल स्थानिक रूप में प्रयुक्त हुआ है) (यह शब्द केवल स्थानिक रूप में प्रयुक्त हुआ है)
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
लहराना  : अ० [हिं० लहर+आना (प्रत्यय)] १. तरल पदार्थों का लहरों से युक्त होना। लहरें उठना। तरंगित होना। जैसे—तालाब या नदी का (अथवा उसके पानी का) लहराना। २. किसी तल या विस्तार में रह-रहकर ऐसी कंपन युक्त गति होना जो कभी कुछ ऊपर नीचे या इधर-उधर भी होती है या चलती हो। जैसे—(क) खेतों में फसल या हरियाली का लहराना। (ख) हवा में झंडा या सिर के बाल लहराना। ३. लहरों की तरह कभी कुछ इधर और कभी कुछ उधर होते हुए उठना, चलना या बढ़ना। जैसे—(क) सांप लहराता हुआ चलता है। (ख) पहाड़ी झरने या रास्ते लहराते हुए चलते हैं। (ग) हवा चलने पर आग की लपटे लहराती है। ४. मन की लहर अर्थात् उमंग या उल्लास में आना। जैसे—वसंत ऋतु की हवा लगने पर मन लहराने लगता है। ५. कोई चीज पाने या लेने के लिए मन लहराना। ६. किसी प्रकार की छवि या शोभा से युक्त होना। फबना। लसना। जैसे—पर्वतों पर (या वन में) प्रकृति की शोभा लहरा रही थी। स० [हिं० लहर+आना (प्रत्यय)] १. हवा के झोके में लहरों की तरह इधर-उधर हिलाना-डुलाना या हिलने-डुलने के लिए छोड़ देना। जैसे—सिर के बाल लहराना। २. सीधे न चलकर लहरों की तरह इधर-उधर होते हुए झोके खाते हुए चलना या बढ़ना। ३. किसी चीज को हाथ में लेकर इधर-उधर गति देना। जैसे—बच्चों को गोद में लहराना।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
लहरि  : स्त्री० [सं० ल√ह्र+इन्]=लहर।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
लहरिया  : पुं० [हिं० लहर+इया (प्रत्यय)] १. लहर की आकृति की रेखाओं का समूह। २. वह कपड़ा जिस पर लहरों के आकार की आकृतियाँ हों। स्त्री० =लहर। (यह शब्द केवल स्थानिक रूप में प्रयुक्त हुआ है)
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
लहरियादार  : वि० [हिं० लहरिया+दार (प्रत्यय)] (वस्त्र आदि) जिस पर लहरिया बना हो।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
लहरिल  : वि० [सं० लहर]=लहरदार।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
लहरी  : स्त्री० [सं, लहरि+ङीष्] १. लहर। तरंग। हिलोर। मौज। वि० [हिं० लहर+ई (प्रत्यय)] १. मन की तरंग के अनुसार काम करनेवाला। २. सदा प्रसन्न रहनेवाला। खुशमिजाज।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
लहरी-रव  : [सं० ब० स०] समुद्र। उदाहरण—लहरिऊँ लिये जणि लहरीरव।—प्रिथीराज।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
लहरीला  : वि०=लहरदार। (यह शब्द केवल स्थानिक रूप में प्रयुक्त हुआ है)
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
 
लौटें            मुख पृष्ठ