लोगों की राय

शब्द का अर्थ खोजें

शब्द का अर्थ

लटक  : स्त्री० [हिं० लटकना] १. लटकने की क्रिया या भाव। नीचे की ओर गिरता-सा रहने का भाव। झुकाव। २. चलने, फिरने आदि में शरीर के अंगों में पड़नेवाली लचक जो स्त्रियों में प्रायः सुन्दर जान पड़ती है। ३. अंगों की मनोहर चेष्टा। ४. बात-चीत करने या गाने आदि में दिखाई देनेवाली कोमल भावी भंगी। ५. मन की आकस्मिक उद्वेग। जैसे—बैठे बैठे तुम्हें यह क्या लटक सूझी। ६. ढालू जमीन। ढाल (पालकी के कहार)। वि० (गति) जिसमें लटक हो। उदाहरण—साँवलिया की लटक चाल मोरे मन में बस गई रे।—गीत।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
लटकन  : पुं० [हिं० लटकना] १. लटकने की क्रिया या भाव। नीचे की ओर झूलते रहने का भाव। २. लटकती हुई कोई वस्तु। ३. नाक में पहनने का एक प्रकार का गहना जो झूलता रहता है। ४. रत्नों का वह गुच्छा जो कलँगी में लगाते थे। ५. मालखंभ की एक कसरत जिसमें दोनों पैरों के अँगूठे में बेत फँसाकर पिंडली को लपेटते हुए नीचे की ओर लटकते हैं। ६. कोई ऐसा फालतू पदार्थ या व्यक्ति जो किसी महत्वपूर्ण पदार्थ या व्यक्ति के साथ यों ही लगा रहता है या लगा फिरता हो। २. अंडकोश (बाजारू)। पुं० १. एक प्रकार का पेड़ जिसमें लाल रंग के फूल लगते हैं २. उक्त रगं के फूलों से सुगंधित बीज जिन्हें पानी में पीसने से गेरुआ रंग निकलता है। इस रँग से प्रायः कपड़े रँगते हैं।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
लटकना  : अ० [सं० लडन] १. किसी पदार्थ या व्यक्ति का ऐसी स्थिति में आना या होना कि उसका एक सिरा या अंग किसी ऊँचे आधार में अटका या फँसा हुआ हो और शेष भाग अधर में नीचे की ओर हो। २. किसी सीधी, खड़ी टिकी या बनी हुई वस्तु का कोई भाग किसी ओर थोड़ा झुकना। जैसे—(क) बरामदा आगे की ओर कुछ लटक गया है। (ख) बेहोशी में उसका सिर पीछे की ओर लटक गया था। पद—लटक या लटकती चाल=ऐसी चाल जिसमें मस्ती, हर्ष आदि के कारण आदमी झूमता हुआ चलता हो। ३. किसी काम, बात या व्यक्ति का ऐसी स्थिति में आना, रहना या होना कि उसके संबंध में आवश्यक और उचित निर्णय न हो अथवा अभीष्ट सिद्ध न हो। असमंजस या दुविधा की स्थिति में अपेक्षया अधिक समय तक पड़ा या बना रहना। जैसे—(क) अदालतों में मुकदमे बरसों लटके रहते हैं। (ख) नौकरी की दरख्वास्त देने पर उसे महीनों लटके रहना पड़ा। संयो० क्रि०—रहना। ४. परीक्षा में अनुत्तीर्ण होना और इस प्रकार पहलेवाली कक्षा में ही रुका रहना। संयो० क्रि०—रहना। वि० [स्त्री० लटकनी] लटकवाली मनोहर अंग-भंगी से युक्त। उदाहरण—बंझ जाइ खग ज्यों प्रिय छबि लटकनी लस।—सूर।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
लटकवाना  : स० [हिं० लटकाना का प्रे०] लटकाने का काम दूसरे से कराना।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
लटका  : पुं० [हिं० लटक] १. ऐसी चाल जिसमें मनोहर लटक हो। २. बात-चीत आदि में दिखाई देनेवाली जनानी चेष्टा या हाव-भाव और स्वरों का उतार-चढ़ाव। जैसे—उन्होंने बड़े लटके से कहा कि हम नहीं जायँगे। ३. उपचार, चिकित्सा, तंत्र-मंत्र आदि के क्षेत्र में कोई ऐसी छोटी प्रक्रिया या विधि जिसमें जल्दी और सहज में उद्देश्य सिद्ध होता हो। जैसे—उन्हें वैद्यक के ऐसे सैकड़ों लटके मालूम हैं। ४. एक प्रकार का चलता गाना। ५. अंडकोश। (बाजारू)।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
लटकाना  : स० [हिं० लटकना का स०] १. किसी को लटकाने में प्रवृत्त करना। ऐसा काम करना कि कोई या कुछ लटक। जैसे—कपड़ा या हाथ लटकाना। संयो० क्रि० देना।—रखना।—लना। २. किसी खड़ी वस्तु को किसी ओर झुकाना। नत करना। ३. कोई काम पूरा न करके अनिश्चित दशा में अधिक समय तक पड़ा रहने देना। ४. किसी व्यक्ति को कोई आशा में रखकर उसका उद्देश्य या कार्य पूरा न करना। असमंजस या दुविधा की स्थिति में रखना। संयो० क्रि०—रखना।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
लटकीला  : वि० [हिं० लटक+ईला (प्रत्यय)] [स्त्री० लटकीली] लटकता और लहराता हुआ। जैसे—लटकीली चाल।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
लटकू  : पुं० [देश] एक प्रकार का पेड़ जिसकी छाल से रंग निकलता है।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
लटकौआँ  : वि० [हिं० लटकाना] जो लटकाया जाता हो। जैसे—लटकौआँ फानूस।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
 
लौटें            मुख पृष्ठ