लोगों की राय

शब्द का अर्थ खोजें

शब्द का अर्थ

डालना  : स० [हिं० तलन] १. किसी आधान या पात्र में कोई चीज कुछ ऊँचाई से गिराना, छोड़ना, फेंकना या रखना। जैसे–(क) गिलास में पानी डालना। (ख) कड़ाही में घी डालना। २. किसी आधान या पात्र में कोई चीज प्रायः सुरक्षा के उद्देश्य से भरना या रखना। जैसे–(क) झोले में पुस्तकें या बोरे में गेहूँ डालना। (ख) संदूक में कपड़े डालना। (ग) कैदी को जेल में डालना। ३. कोई चीज किसी आधार या तल पर गिराना, छोडना, या फेंकना। जैसे–(क) पेड़ की जड़ में पानी डालना। (ख) सिर या बालों में तेल डालना। ४. कोई चीज किसी को देने या सौंपने के उद्देश्य से उसके आगे रखना या गिराना। जैसे–(क) विजयी के आगे हथियार डालना। (ख) कुत्ते या बिल्ली को रोटी डालना। ५. लाक्षणिक अर्थ में, कोई काम या बात किसी के जिम्मे करना। जैसे–किसी पर खरच या काम का बोझ डालना। ६. कोई चीज किसी को पहनाना। जैसे–(क) हाथ में चूड़ियाँ या पैर में जूता डालना। (ख) कन्या का वर के गलें में जय-माल डालना। ७. कोई चीज किसी पर से या किसी में लटकाना। जैसे–(क) पेड़ की डाली पर झूला डालना। (ख) पानी निकालने के लिए कुएँ में बाल्टी डालना। ८. कोई चीज किसी में लगाना। जैसे–आँखों में काजल या सुरमा लगाना। ९. घुसाना। घुसेड़ना। १॰. किसी चीज को ढकने के लिए उसके ऊपर कोई दूसरी चीज फैलाना। जैसे–(क) सिर पर चादर डालना। (ख) आग पर पानी या राखी डालना। ११. वस्त्र आदि फैलाना। जैसे–(क) बिछे हुए गद्दे पर चादर डालना। (ख) टंगने पर सूखने के लिए गीली धोती डालना। १२. (स्त्री को रखेली के रूप में) घर में रख लेना। १३. परित्याग करना। १४. पशुओं के संबंध में गर्भपात करना। १५. किसी मद या विभाग में सम्मिलित करना। जैसे–खाते में किसी के नाम रकम डालना। विशेष–संयोज्य किया के रूप में ‘डालना’ कुछ सकर्मक क्रियाओं के साथ लगकर यह सूचित करता है कि कर्ता वह काम या क्रिया पूरी तरह से समाप्त करके उससे अलग या निवृत्त हो चुका है अथवा वह काम या चीज उसमें अपने से बिलकुल अलग या दूर कर दी है। जैसे–खा डालना, दे डालना, बेच डालना, मार डालना आदि।
समानार्थी शब्द-  उपलब्ध नहीं
 
लौटें            मुख पृष्ठ