लोगों की राय

सदाबहार >> गोदान

गोदान

प्रेमचंद

प्रकाशक : राजपाल एंड सन्स प्रकाशित वर्ष : 2007
पृष्ठ :327
मुखपृष्ठ : पेपरबैक
पुस्तक क्रमांक : 1442
आईएसबीएन :9788170284321

Like this Hindi book 7 पाठकों को प्रिय

164 पाठक हैं

गोदान भारत के ग्रामीण समाज तथा उसकी समस्याओं का मार्मिक चित्रण प्रस्तुत करती है...


होरी ने घर आकर धनिया से कहा–अब?

धनिया ने उसी पर दिल का गुबार निकाला–यही तो तुम चाहते थे।

होरी ने ज़ख्मी आँखों से देखा–मेरा ही दोष है?  

‘किसी का दोष हो, हुई तुम्हारे मन की।’

‘तेरी इच्छा है कि जमीन रेहन रख दूँ?’

‘जमीन रेहन रख दोगे, तो करोगे क्या?’

‘मजूरी।’
मगर ज़मीन दोनों को एक-सी प्यारी थी। उसी पर तो उनकी इज्जत और आबरू अवलिम्बत थी। जिसके पास ज़मीन नहीं, वह गृहस्थ नहीं, मजूर है।

होरी ने कुछ जवाब न पाकर पूछा–तो क्या कहती है?  

धनिया ने आहत कंठ से कहा–कहना क्या है। गौरी बरात लेकर आयँगे। एक जून खिला देना। सबेरे बेटी बिदा कर देना। दुनिया हँसेगी, हँस ले। भगवान् की यही इच्छा है, कि हमारी नाक कटे, मुँह में कालिख लगे तो हम क्या करेंगे।

सहसा नोहरी चुँदरी पहने सामने से जाती हुई दिखाई दी। होरी को देखते ही उसने जरा-सा घूँघट निकाल लिया। उससे समधी का नाता मानती थी।

धनिया से उसका परिचय हो चुका था। उसने पुकारा–आज किधर चली समधिन? आओ, बैठो।

नोहरी ने दिग्विजय कर लिया था और अब जनमत को अपने पक्ष में बटोर लेने का प्रयास कर रही थी। आकर खड़ी हो गयी।

धनिया ने उसे सिर से पाँव तक आलोचना की आँखों से देखकर कहा–आज इधर कैसे भूल पड़ीं?

नोहरी ने कातर स्वर में कहा–ऐसे ही तुम लोगों से मिलने चली आयी। बिटिया का ब्याह कब तक है?  

...Prev | Next...

<< पिछला पृष्ठ प्रथम पृष्ठ अगला पृष्ठ >>

अन्य पुस्तकें

लोगों की राय

No reviews for this book