लोगों की राय

सदाबहार >> गोदान

गोदान

प्रेमचंद

प्रकाशक : राजपाल एंड सन्स प्रकाशित वर्ष : 2007
पृष्ठ :327
मुखपृष्ठ : पेपरबैक
पुस्तक क्रमांक : 1442
आईएसबीएन :9788170284321

Like this Hindi book 7 पाठकों को प्रिय

164 पाठक हैं

गोदान भारत के ग्रामीण समाज तथा उसकी समस्याओं का मार्मिक चित्रण प्रस्तुत करती है...


सोना ने झुनिया से पूछा–मातादीन क्या करने आये थे?

झुनिया ने माथा सिकोड़ कर कहा–पगहिया माँग रहे थे। मैंने कह दिया, यहाँ पगहिया नहीं है।

‘यह सब बहाना है। बड़ा खराब आदमी है।’

‘मुझे तो बड़ा भला आदमी लगता है। क्या खराबी है उसमें?’

‘तुम नहीं जानती? सिलिया चमारिन को रखे हुए है।’

‘तो इसी से खराब आदमी हो गया?’

‘और काहे से आदमी खराब कहा जाता है?’

‘तुम्हारे भैया भी तो मुझे लाये हैं। वह भी खराब आदमी हैं?’

सोना ने इसका जवाब न देकर कहा–मेरे घर में फिर कभी आयेगा, तो दुत्कार दूँगी।
‘और जो उससे तुम्हारा ब्याह हो जाय?’

सोना लजा गयी–तुम तो भाभी, गाली देती हो। क्यों, इसमें गाली की क्या बात है?’
‘मुझसे बोले, तो मुँह झुलस दूँ।’

‘तो क्या तुम्हारा ब्याह किसी देवता से होगा। गाँव में ऐसा सुन्दर, सजीला जवान दूसरा कौन है?’

‘तो तुम चली जाओ उसके साथ, सिलिया से लाख दर्जे अच्छी हो।’

‘मैं क्यों चली जाऊँ? मैं तो एक के साथ चली आयी। अच्छा है या बुरा।’

‘तो मैं भी जिसके साथ ब्याह होगा, उसके साथ चली जाऊँगी, अच्छा हो या बुरा।’
‘और जो किसी बूढ़े के साथ ब्याह हो गया?’

सोना हँसी–मैं उसके लिए नरम-नरम रोटियाँ पकाऊँगी, उसकी दवाइयाँ कूटूँ-छानूँगी, उसे हाथ पकड़कर उठाऊँगी, जब मर जायगा, तो मुँह ढाँपकर रोऊँगी।

...Prev | Next...

<< पिछला पृष्ठ प्रथम पृष्ठ अगला पृष्ठ >>

अन्य पुस्तकें

लोगों की राय

No reviews for this book