चित्रकार अपने सामने रखी वस्तु या व्यक्ति का रंगहीन चित्र जब कुछ रेखाओं
में इस प्रकार आंक देता है कि उसकी विशेष मुद्रा पहचानी जा सके, तब उसे हम
रेखाचित्र की संज्ञा देते हैं। साहित्य में भी साहित्यकार कुछ शब्दों में
ऐसा चित्र अंकित कर देता है जो उस व्यक्ति या वस्तु का परिचय दे सके,
परन्तु दोनों में अन्तर है।
मेरे रेखाचित्र ऐसे क्षणों के प्रत्यावर्तन में लिखे गए हैं और प्रायः
दीर्घकाल के उपरांत भी लिखे गए हैं। एक प्रकार से मैं लिखने के लिए विषय
नहीं खोजती हूं, न कविता में न गद्य में। कोई विस्मृत क्षण अचेतन से चेतन
में किसी छोटे से कारण से सम्पूर्ण तीव्रता के साथ जाग जाता है तभी लिखती
हूं। दूसरे इन क्षणों का मूल्यांकन कर सकते हैं।
अपनी बात
‘रेखाचित्र’ शब्द चित्रकला से साहित्य में आया है,
परन्तु अब वह शब्दचित्र के स्थान में रूढ़ हो गया है।
चित्रकार अपने सामने रखी वस्तु या व्यक्ति का रंगहीन चित्र जब कुछ रेखाओं
में इस प्रकार आंक देता है कि उसकी विशेष मुद्रा पहचानी जा सके, तब उसे हम
रेखाचित्र की संज्ञा देते हैं। साहित्य में भी साहित्यकार कुछ शब्दों में
ऐसा चित्र अंकित कर देता है जो उस व्यक्ति या वस्तु का परिचय दे सके,
परन्तु दोनों में अन्तर है।
चित्रकार चाक्षुष प्रत्यक्ष के आलोक में बैठे हुए व्यक्ति का रेखाचित्र
आंक सकता है, कभी कहीं देखे हुए व्यक्ति का रेखाचित्र नहीं अंकित हो पाता
और दीर्घकाल के उपरान्त अनुमान से भी ऐसे चित्र नहीं आंके जाते। इसके
विपरीत साहित्यकार अपना शब्दचित्र दीर्घकाल के अन्तराल के उपरांत भी अंकित
कर सकता है। उसने जिसे कभी नहीं देखा हो उसकी आकृति मुखमुद्रा आदि को
शब्दों में बांध देना कठिन नहीं होता। शब्द के लिए जो सहज है वह रेखाओं के
लिए कठिन है। ‘रेखाचित्र’ वस्तुतः अंग्रेजी के
‘पोट्रेट
पेन्टिंग’ के समान है। पर साहित्य में आकर इस शब्द ने बिम्ब और
संस्मरण दोनों का कार्य सरल कर दिया है।
मेरे शब्दचित्रों का आरम्भ बहुत गद्यात्मक और बचपन का है मेरा
पशु-पक्षियों का प्रेम तो जन्मजात था, अतः क्रॉस्थवेट गर्ल्स कॉलेज के
छात्रावास में मुझे उन्हीं का अभाव कष्ट देता था। हमारे स्कूल के आम के
बाग़ में रहने वाली खटकिन ने कुछ मुर्गि़यां पाल रखी थीं। जिनके छोटे
बच्चों को मैं प्रतिदिन दाना देती और गिनती थी। एक दिन एक बच्चा कम निकला
और पूछने पर ज्ञात हुआ कि हमारी नई अध्यापिका उसे मारकर खाने के लिए ले गई
है। अन्त में मेरे रोने-धोने और कुछ न खाने के कारण वह मुझे वापस मिल गया।
तब मेरे बालकपन ने सोचा कि सब मुर्गी के बच्चों की पहचान रखी जावे, अन्यथा
कोई और उठा ले जाएगा। तब मैंने पंजों का चोंच का और आंखों का रंग, पंखों
की संख्या आदि एक पुस्तिका में लिखी। फिर सबके नाम रखे और प्रतिदिन सबको
गिनना आरम्भ किया। इस प्रकार मेरे रेखाचित्रों का आरम्भ हुआ, जो मेरे
पशु-पक्षियों के परिवार में पल्लवित हुआ है। फिर एक ऐसे नौकर को देखा जिसे
उसकी स्वामिनी ने निकाल दिया था। पर वह बच्चों के प्रेम के कारण कभी
बताशे, कभी फल लेकर बाहर बच्चों की प्रतीक्षा में बैठा रहता था। उसे देखकर
मुझे अपना बचपन का सेवक रामा याद आ गया और उसका शब्दचित्र लिखा।
पशु-पक्षियों में सहज चेतना का एक ही स्तर होता है, परन्तु मनुष्य में सहज
चेतना, अवचेतना, चेतना तथा पराचेतना आदि कई स्तर हैं। इसी प्रकार उनके मन
की भी तीन अवस्थाएं हैं-‘स्थूल मन’ जिससे वह लोक
व्यवहार की
वस्तुओं को जानता है, ‘सूक्ष्म मन’ से वह वस्तुओं को
उनके मूल
रूप में जानता है और ‘कारण मन’ जो इन सबमें एक तत्त्व
को
पहचानता है। लेखक में चेतना के सभी स्तर और मन की सभी अवस्थाएं मिल जाने
पर भी कालजयी लिखी जाती है जो जटिल कार्य है। मेरे विचार में अनुभूति के
चरम क्षण में जो तीव्रता रहती है उसमें कुछ लिखना सम्भव नहीं रहता, परंतु
तीव्रता अवचेतन में जो संस्कार छोड़ जाती है उसी के कारण वह क्षण चेतना
में प्रत्यावर्तित हो जाता है और तब हम लिखते हैं।
मेरे रेखाचित्र ऐसे क्षणों के प्रत्यावर्तन में लिखे गए हैं और प्रायः
दीर्घकाल के उपरांत भी लिखे गए हैं। एक प्रकार से मैं लिखने के लिए विषय
नहीं खोजती हूं, न कविता में न गद्य में। कोई विस्मृत क्षण अचेतन से चेतन
में किसी छोटे से कारण से सम्पूर्ण तीव्रता के साथ जाग जाता है तभी लिखती
हूँ। दूसरे इन क्षणों का मूल्यांकन कर सकते हैं।
पौष पूर्णिमा
स .वि.2040
महादेवी
दो फूल
फागुन की गुलाबी जाड़े की वह सुनहली संध्या क्या भुलायी जा सकती है !
सवेरे के पुलकपंछी वैतालिक एक लयवती उड़ान में अपने-अपने नीड़ों की ओर लौट
रहे थे।
विरल बादलों के अन्ताल से उन पर चलाए हुए सूर्य के सोने के शब्दवेधी बाण
उनकी उन्माद गति में ही उलझ कर लक्ष्य-भ्रष्ट हो रहे थे।
पश्चिम में रंगों का उत्सव देखते-देखते जैसे ही मुँह फेरा कि नौकर सामने आ
खड़ा हुआ। पता चला, अपना नाम न बताने वाले एक वृद्ध मुझसे मिलने की
प्रतीक्षा में बहुत देर से बाहर खड़े हैं। उनसे सवेरे आने के लिए कहना
अरण्य रोदन ही हो गया।
मेरी कविता की पहली पंक्ति ही लिखी गई थी, अतः मन खिसिया-सा आया। मेरे काम
से अधिक महत्त्वपूर्ण कौन-सा काम हो सकता है, जिसके लिए असमय में उपस्थित
होकर उन्होंने मेरी कविता को प्राण प्रतिष्ठा से पहले ही खण्डित मूर्ति के
समान बना दिया ! ‘मैं कवि हूं’ में जब मेरे मन का
सम्पूर्ण
अभिमान पुञ्जीभूत होने लगा, तब यदि विवेक का ‘पर मनुष्य
नहीं’
में छिपा व्यंग बहुत गहरा न चुभ जाता तो कदाचित् मैं न उठती। कुछ खीझी,
कुछ कठोर-सी मैं बिना देखे ही एक नई और दूसरी पुरानी चप्पल में पैर सामने
निस्तब्ध और निर्वाक हो रही। बचपन में मैंने कभी किसी चित्रकार का बनाया
कण्वऋषि का चित्र देखा था-वृद्ध में मानो वह सजीव हो गया था। सफेद बाल और
दूधफेनी सी सफेद दाढ़ी वाला वह मुख झुर्रियों के कारण समय का अंकगणित हो
रहा था। कभी की सतेज आंखें आज ऐसी लग रही थीं, मानो किसी ने चमकीले दर्पण
पर फूंक मार दी हो। एक क्षण में ही उन्हें धवल सिर से लेकर धूल भरे पैरों
तक, कुछ पुरानी काली चप्पलों से लेकर पसीने और मैल की एक बहुत पतली कोर से
युक्त खादी की धुली टोपी तक देखकर कहा-‘आप को पहचानी
नहीं।’
अनुभवों से मलिन, पर आंसुओं से उजली उनकी दृष्टि पल भर को उठी, फिर कांस
के फूल जैसी बरौनियों वाली पलकें झुक आईं-न जाने व्यथा के भार से, न जाने
लज्जा से।
एक क्लान्त पर शान्त कण्ठ ने उत्तर दिया-‘जिसके द्वार पर आया है
उसका नाम जानता है, इससे अधिक मांगने वाले का परिचय क्या होगा ? मेरी पोती
आपसे एक बार मिलने के लिए बहुत विकल है। दो दिन से इसी उधेड़बुन में पड़ा
था। आज साहस करके आ सका हूं-कल तक शायद साहस न ठहरता इसी से मिलने के लिए
हठ कर रहा था। पर क्या आप इतना कष्ट स्वीकार करके चल सकेंगी ? तांगा खड़ा
है।’
मैं आश्चर्य से वृद्ध की ओर देखती रह गई-मेरे परिचित ही नहीं, बल्कि
अपरिचित भी जानते हैं कि मैं सहज ही कहीं आती-जाती नहीं। यह शायद बाहर से
आए हैं। पूछा-‘क्या वह नहीं आ सकतीं ?’ वृद्ध के
लज्जित होने
का कारण मैं न समझ सकी। उनके होंठ हिले; पर कोई स्वर न निकल सका और मुंह
फेर कर गीली आंखों को छिपाने की चेष्टा करने लगे। उनका कष्ट देखकर मेरी
बीमारी के सम्बन्ध में प्रश्न करना स्वाभाविक ही था। वृद्ध ने नितान्त
हताश मुद्रा में स्वीकृतिसूचक मस्तक हिलाकर कुछ बिखरे से शब्दों में यह
स्पष्ट कर दिया कि उनके एक पोती है जो आठ की अवस्था में मातृ-पितृहीन और
ग्यारहवें वर्ष में विधवा हो गई थी।
अधिक तर्क-वितर्क का अवकाश नहीं था-सोचा वृद्ध की पोती अवश्य ही मरणासन्न
है ! बेचारी अभागी बालिका ! पर मैं तो कोई डाक्टर या वैद्य नहीं हूं और
मुंडन, कनछेदन आदि में कवि को बुलाने वाले रोग अभी उसे गीतावाचक के समान
अन्तिम समय में बुलाना नहीं सीखे हैं। वृद्ध जिस निहोरे के साथ मेरे सुख
का प्रत्येक भाव परिवर्तन देख रहे थे, उसी ने मानो कण्ठ से बलात् कहला
दिया-चलिए, किसी को साथ ले लूं, क्योंकि लौटते-लौटते अंधेरा हो
जाएगा।’
नगर की शिराओं के समान फैली और एक- दूसरी से उलझी हुई गलियों से जिनमें
दूषित रक्त जैसा नालियों का मैला पानी बहता है और रोग की कीटाणुओं की तरह
नये मैले बालक घूमते हैं, मेरा उस दिन विशेष परिचय हुआ। किसी प्रकार का एक
तिमंजिले मकान की सीढ़ियां पार कर हम लोग ऊपर पहुंचे। दालान में ही मैली
फटी दरी पर, खम्भे का सहारा लेकर बैठी हुई एक स्त्री मूर्ति दिखाई दी,
जिसकी गोद में मैले कपड़ों में लिपटा एक पिण्ड-सा था। वृद्ध मुझे वही
छोड़कर भीतर के कमरे को पार कर दूसरी ओर के छज्जे पर जा खड़े हुए, जहां से
उनके थके शरीर और टूटे मन को द्वंद्व धुंधले चलचित्र का कोई मूक, पर करुण
दृश्य बनने लगा।
एक उदासीन कण्ठ से ‘आइए’ में निकट आने का निमन्त्रण
पाकर
मैंने अभ्यर्थना करने वाली की ओर ध्यान से देखा। वृद्ध से उसकी मुखाकृति
इतनी मिलती थी कि आश्चर्य होता था। वही मुख की गठन, उसी प्रकार के चमकीले
पर धुंधले नेत्र और वैसे ही कांपते ओंठ। रूखे बाल और मलिन वस्त्रों में
उसकी कठोरता वैसी ही दयनीय जान पड़ती थी, जैसी जमीन में बहुत दिन गड़ी
रहने के उपरान्त खोदकर निकाली हुई तलवार। कुछ खिजलाहट भरे स्वर में
कहा-बड़ी दया की पिछले पांच महीने से हम जो कष्ट उठा रहे हैं, उसे भगवान
ही जानते हैं। अब जाकर छुट्टी मिली है; पर लड़की का हठ तो देखो। अनाथालय
में देने के नाम से बिलखने लगती है, किसी और के पास छोड़ आने की चर्चा से
अन्न-जल छोड़ बैठती है। बार-बार समझाया कि जिससे न जान, न पहचान उसे ऐसी
मुसीबत में घसीटना कहां की भलमनसाहत है; पर यहां सुनता कौन है ! लालाजी
बेचारे तो संकोच के मारे जाते ही नहीं थे; पर जब हार गये, तब झक मार कर
जाना पड़ा। अब आप ही उद्धार करें तो प्राण बचे।’ इस लम्बी-चौड़ी
सारगर्भित भूमिका से अवाक् मैं जब कुछ प्रकृतिस्थ हुई तब वस्तुस्थिति मेरे
सामने धीरे-धीरे वैसे ही स्पष्ट होने लगी, जैसे पानी में कुछ देर रहने पर
तल की वस्तुएं। यदि यह न कहूं कि मेरा शरीर सिहर उठा था, पैर अवसन्न हो
रहे थे और माथे पर पसीने की बूंदें आ गई थीं, तो असत्य कहना होगा।
सामाजिक
विकृति का बौद्धिक निरूपण मैंने अनेक बार किया है; पर जीवन की एक विभीषिका
से मेरा यही पहला साक्षात् था। मेरे सुधार सम्बन्धी दृष्टिकोण को लक्ष्य
करके परिवार में प्रायः सभी ने कुछ निराश भाव से सिर हिलाकर मझे यह
विश्वास दिलाने का प्रयत्न किया कि मेरी सात्विक कला इस लू का झोंका न सह
सकेगी और साधना की छाया में पले मेरे कोमल सपने इस धुएं में जी न सकेंगे।
मैंने अनेक बार सबको यही एक उत्तर दिया है कि कीचड़ से कीचड़ को धो सकना न
सम्भव हुआ है न होगा; उसे धोने के लिए निर्मल जल चाहिए। मेरा सदा से
विश्वास रहा है कि अपने दलों पर मोती-सा जल भी न ठहरने देने वाली कमल की
सीमातीत स्वच्छता ही उसे पंक में जमने की शक्ति देती है।